जुलाना। कस्बे की पंजाबी धर्मशाला में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा बिजली अदालत का आयोजन किया गया।
बिजली अदालत में अधीक्षण अभियंता एमएल सुखीजा ने बिजली संबधी समस्याएं सुनी। मंगलवार को पंजाबी धर्मशाला में आयोजित हुई बिजली अदालत में काफी संख्या में लोग बिजली की समस्या लेकर पहुंचे।
इस मौके पर गलत बिलिंग, ब्याज माफी योजना, बिजली लाइनों को स्थानांतरित करना, वोल्टेज समस्या, खराब मीटर की समस्याएं जैसी समस्याएं अधीक्षण अभियंता के समक्ष रखी गई। जिसके बाद बिजली बिलों, ब्याज माफी योजना, खराब मीटर को बदलने जैसी समस्याओं को उपमंडल अधिकारी अशोक कुमार को तुरंत प्रभाव से समाधान करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बिजली लाइनों को स्थानांरतण करने और सोलर कनेक्शनों जैसी समस्याओं को भी निश्चित समय अवधी में समाधान करने के निर्देश दिए। बिजली अदालत में बिजली बिलों और ब्याज माफी योजना के तहत बिल ठीक किए जाने की शिकायत ज्यादा आई।
अधीक्षण अभियंता एमएल सुखीजा ने कहा कि बिजली निगम अच्छी बिजली आपूर्ति देने के लिए कई योजनाएं चलाई हुई है। इसके तहत गांव गांव में पुराने बिजली के पोल और तारों को बदलकर नए पोल और तार लगाकर पर्याप्त बिजली सुविधा देना है। जिन गांवों में मेरा गांव जगमग गांव योजना का कार्य पूरा किया जा चुका है, वहां पर 22 से 23 घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है। जुलाना सब डिवीजन के अंतर्गत आने वाले गांवों में भी म्हारा गांव जगमग गांव का कार्य चल रहा है।
उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति बिजली चोरी करते हैं तो उसके खिलाफ बिजली एवं सिंचाई थाना में मामला दर्ज करवाकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना नहीं भरने की सूरत में उन्हें जेल भी हो सकती है।
इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी अशोक कुमार, कनिष्ठ अभियंता चंद्रमोहन, पवन कुमार, वीरेंद्र गोयत लाइनमैन, मंजीत नैन, रामनिवास लाइनमैन, यशदीप, बलजीत, योगेश और नवीन भी मौजूद रहे।