नरवाना। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 10 जून से 14 जून तक आयोजित यूथ ट्रॉफी हैंडबॉल आईएचएफ ट्रॉफी-एशिया जोन द्वितीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। गांव डूमरखा कलां के समीर और डूमरखा खुर्द के आयुष ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
भारतीय टीम की जीत की खबर मिलते ही दोनों गांवों में खुशी का माहौल है। भारतीय टीम ने लगातार चार मुकाबले जीतकर दबदबा कायम रखा। 12 जून को खेले गए पहले मैच में भारत ने नेपाल को 68-20 के बड़े अंतर से हराया। इसी दिन दूसरे मुकाबले में भारत ने मेजबान बांग्लादेश को 39-35 से पराजित किया।
13 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में भारतीय टीम ने 55-30 से शानदार जीत दर्ज की। वहीं 14 जून को मालदीव के खिलाफ खेले गए अंतिम मुकाबले में भारत ने 49-22 के अंतर से जीत हासिल कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम की इस सफलता में समीर और आयुष के शानदार प्रदर्शन की भी खूब सराहना हो रही है।
दोनों खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को विजेता बनाने में अहम योगदान दिया। समीर के पिता ईश्वर और माता उषा ने कहा कि यह उनके परिवार ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है। हैंडबॉल कोच जुगमिंदर सिंह ने कहा कि समीर और आयुष ने मेहनत, अनुशासन और समर्पण से यह उपलब्धि हासिल की है।