जिले में धीरे-धीरे कोरोना संक्रमण दम तोड़ता जा रहा है। बाजारों में लोग बिना शारीरिक दूरी के नियम का पालन किए घूमते रहते हैं। यदि लोग शारीरिक दूरी तथा मास्क के नियम का पालन करें तो इसी महीने जिले को कोरोना से राहत मिल सकती है। वीरवार को जिला स्वास्थ्य विभाग को 868 लोगों की रिपोर्ट मिली। इनमें से पांच लोगों की पॉजिटिव आई है, जबकि 14 लोग ठीक हुए हैं। वीरवार को दूसरे दिन भी किसी की मौत नहीं हुई है।
जिला कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने कहा कि वीरवार को स्वास्थ्य विभाग को 868 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट मिली। इनमें से पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि किसी भी संक्रमित की मौत नहीं हुई है। वीरवार को 14 लोगों ने कोरोना को मात दी है। इस समय विभिन्न अस्पतालों में 19 लोग दाखिल हैं। अब तक जिले के 21139 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जबकि 20546 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। अब तक जिले में 533 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में इस समय केवल 60 एक्टिव मामले बचे हैं। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग ने 959 लोगों के सैंपल लिए हैं, जबकि अब तक स्वास्थ्य विभाग 263630 लोगों के सैंपल ले चुका है।
लगातार बढ़ता जा रहा रिकवरी रेट
जिले में इस समय रिकवरी रेट 97.19 प्रतिशत पहुंच चुका है। जून महीने में अब तक पिछले आठ दिनों में कोरोना संक्रमण दहाई के आंकड़े से नीचे ही आ रहा है। इसके अलावा ठीक होने वालों की संख्या अधिक है। एक जून को जिले में रिकवरी का प्रतिशत 95 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 97.19 प्रतिशत हो चुका है। जिले में मृत्यु दर इस समय 2.52 प्रतिशत है। जबकि औसतन संक्रमण की दर 8.04 प्रतिशत है।
जिले को कोरोनामुक्त करना है तो लोगों को पूरी सावधानी बरतनी होगी। काफी लोग अब भी सावधानी नहीं बरत रहे हैं। लोगों को लगातार मास्क का प्रयोग करना होगा तथा शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना होगा। यदि लोग नियमों का पालन करेंगे तो इसी महीने जिले को कोरोना से छुटकारा मिल सकता है।
डॉ. मनजीत सिंह, सिविल सर्जन।