14जेएनडी26: नागरिक अस्पताल के एमरजेंसी वार्ड में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सीएमओ डॉ. सुमन
जींद। नागरिक अस्पताल में सीएमओ के निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी में पुराने और जर्जर उपकरण मिले तो कहीं बैड पर फटी चादरें बिछी थी। इस हालात को देखकर सीएमओ डॉ. सुमन कोहली ने कर्मियों को नाराजगी जताई। हालांकि यह इमरजेंसी वार्ड सोमवार को ही दोबारा शुरू हुआ था।
इसके अलावा निरीक्षण के दौरान सीएमओ को वॉशरूम में पानी न होने की भी शिकायत मिली। इसको देखकर सीएमओ ने चिकित्सकों से जवाब तलब किया और दो दिन में सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण करने के लिए चेताया। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी में किसी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करवाया जाए। निरीक्षण में सीएमओ के साथ पीएमओ डॉ. रघुवीर पूनिया, सीनियर डेंटल सर्जन डॉ. दिनेश मौजूद रहे।
अस्पताल की व्यवस्थाएं बिगड़ी
मरम्मक का काम धीमा चलने से अस्पताल की व्यवस्थाएं पूरी तरहे से बिगड़ी हुई हैं। पुराने भवन में तीन शौचालय एक सप्ताह से ज्यादा समय से टूटे हुए हैं। यही हाल इमरजेंसी को लेकर हुआ था। 25 सितंबर को इमरजेंसी का काम पूरा होना था लेकिन अब सोमवार को यह शुरू हाे पाई।
इमरजेंसी में आधे घंटे बिजली गुल
इमरजेंसी में दोपहर को लगभग एक बजे बिजली जाने से मरीज व स्टॉफ अंधेरे में बैठे रहे। यहां पर लगभग आधे घंटे तक बिना बिजली के परेशानी रही। अंधेरे में स्टॉफ को दवाइयों के नाम पढ़ने के लिए भी मोबाइल की रोशनी का सहारा लेना पड़ रहा था। इसके कारण चिकित्सक भी परेशान रहे।
वर्जन
नई इमरजेंसी को शिफ्ट कर दिया गया है। यहां चीजों को बेहतर तरीके से रखा जाना है। कुछ खामियां जो सामने आई हैं उसके लिए दो दिन का समय दे दिया गया है। मरीजों को उपचार के लिए किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। -डाॅ. सुमन कोहली, सिविल सर्जन नागरिक अस्पताल