नरवाना। संयुक्त किसान मोर्चा नरवाना का अनिश्चितकालीन धरना लगातार 27 वें दिन भी वीरवार को तहसील परिसर में जारी रहा।
धरने की अध्यक्षता चंदगी राम ढाकल ने और मंच संचालन रामचंद्र दनौदा ने किया। अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य मास्टर चांद बहादुर ने कहा कि यदि किसानों की मांगों को प्रशासन नहीं मानता है तो जल्द ही नरवना में विधायक निवास का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण किसानों को मिलने वाली जो राशि लैप्स हो गई थी। किसान धरने के दबाव के चलते वो प्रशासन के पास वापस आ गई है और जल्द ही किसानों के खाते में डालनी शुरू हो जाएगी। खरीफ सीजन में कपास की फसल में गुलाबी सुंडी से हुए नुकसान का जब तक मुआवजा नहीं मिलता, तब तक धरना और आंदोलन जारी रहेगा। मोर्चा के संयोजक मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विधायक रामनिवास को किसानों ने एक सप्ताह पहले अपनी मांगों का ज्ञापन दिया था। एक सप्ताह का समय भी दिया था, यदि निश्चित समय में कोई कार्रवाई नहीं होती तो आने वाले सोमवार को विधायक के आवास का घेराव किया जाएगा। धरने पर सीटू के नेता रमेश चंद्र, जसवंत, दलबीर सच्चाखेड़ा, निहाला गुरुसर, और अनिता कर्मगढ़, कमलेश, संतोष, लाभकौर, राजपति, डिंपल दनौदा शामिल हुए।