15जेएनडी12: डाहोला गांव में पशु तालाब के ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली की तार। संवाद
अलेवा। डाहोला गांव में तीर्थ वाला तालाब के ऊपर से बिजली की हाई वोल्टेज की तार गुजर रही है। इससे गांव में बड़ा हादसा होने का डर बना हुआ है, लेकिन निगम मामले का संज्ञान न लेकर किसी बड़े हादसे के इंतजार में हैं। गांव के लोगों ने तालाब के ऊपर से गुजर बिजली की तारों को हटवाने की मांग की है, ताकि कोई बड़ी घटना से बचा जा सके।
डाहोला गांव निवासी पवन कुमार, जिले सिंह, जितेंद्र, सुभाष ने बताया कि गांव के तीर्थ वाले तालाब के ऊपर से काफी वर्षों से बिजली की तार गुजर रही हैं। इसके लिए अनेक बार निगम के कर्मचारियों को सूचित किया, लेकिन निगम के कर्मचारी मामले को लेकर किसी प्रकार का संज्ञान नहीं ले रहे हैं। गांव के लोगोंं का कहना है कि तालाब में हर समय पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। इसके कारण कभी भी बिजली के तार टूटकर किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकते हैं।
बरसात के मौसम में हो सकती है समस्या
बरसात के मौसम में तो बिजली के तार पशुओं व आमजन के लिए काल बन सकते हैं। तालाब में प्रतिदिन हजारों की संख्या में पशु पानी पीने के लिए लाए जाते हैं। बिजली निगम की लापरवाही के चलते तालाब के ऊपर से गुजर रही तार हादसों को दावत दे रही हैं।
उनके पास किसी प्रकार की शिकायत नहीं है। मामला संज्ञान में न होने के कारण कर्मचारियों से पता करवा इसका एस्टीमेट बनवाकर लोगों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
आनंद कुमार, एसडीओ, बिजली निगम अलेवा।