22जेएनडी14-ई रिक्शा व ऑटो चालकों के जमावड़े को कम करने के लिए राजकीय पीजी कॉलेज के पास बंद किया
जींद। जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल के सामने लगने वाले थ्री व्हीलर व ई रिक्शा के जमावड़े को खत्म करने के लिए दूसरे गेट पर तालाबंदी की गई है। इसके अलावा छोटे गेट के पास पोल लगा दिए गए हैं ताकि दोपहिया वाहन भी गेट से अंदर नहीं आ सकें। अब अस्पताल में वाहन के आने-जाने के लिए एक ही गेट रह गया है।
थ्री व्हीलर व ई रिक्शा चालक पूरा दिन नागरिक अस्पताल के गेट पर सवारी बैठाने के चक्कर में जमावड़ा लगाए रहते थे। ऐसे में गोहाना रोड तो बाधित होता ही था साथ ही अगर एंबुलेंस को गेट से ले जाना चाहे तो जल्द नहीं ले जाया सकता था।
नागरिक अस्पताल में एंट्री को लेकर दो गेट हैं। एक राजकीय महाविद्यालय के सामने है और दूसरा महिला कॉलेज के पास है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऑटो चालकों को गेट के आगे खड़ा होने से रोकने के लिए कई बार अपने सिक्योरिटी गार्डों को यहां खड़ा किया गया लेकिन ऑटो चालक उनकी बात नहीं मानते। स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी ऑटो चालकों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ऑटो चालक की मनमानी जारी रही। ऐसे में अस्पताल के दूसरे गेट को बंद कर दिया गया है।
वर्जन
ऑटो चालकों को कई बार गेट के आगे ऑटो खड़ा करने के लिए मना किया है लेकिन ऑटो चालक अपनी मनमानी करते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने ऑटो चालकों की मनमानी रोकने के लिए गेट पर ही ताला लगा दिया ताकि गेट के आगे वाहनों का जमावड़ा नहीं रहे और लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो। - डॉ. राजेश भोला, डिप्टी एमएस, नागरिक अस्पताल