नरवाना। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि प्रदेस सरकार का उद्देश्य प्रदेश का चहुंमुखी विकास करना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विजन के अनुरूप प्रदेश के हर व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
विज्ञापन
उन्होंने भरोसा दिलाया कि नरवाना विधानसभा क्षेत्र के लोगों को भी विकास परियोजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा और इसके लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि नरवाना शहर में वर्षों से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती थी जिसके समाधान का कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही लोगों को स्थायी राहत मिलेगी।
वहीं शहरवासियों की मांग पर नए बस स्टैंड भवन के निर्माण की औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर मंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में गैस की उपलब्धता पूरी तरह सुचारू है और लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचना चाहिए।