जींद। एशियन गेम्स में तीरंदाजी की टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली जींद की खिलाड़ी कीर्ति शर्मा के दस्तावेज की हार्ड कॉपी जिला खेल अधिकारी कार्यालय की ओर से चंडीगढ़ स्थित खेल विभाग मुख्यालय भेज दी गई है।
इससे पहले कार्यालय की ओर से उनके प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज ई-मेल के माध्यम से भेजे गए थे। मुख्यालय के निर्देश पर बुधवार को दस्तावेज की हार्ड कॉपी भी भेजी गई।
विज्ञापन
पिछले दिनों कीर्ति शर्मा का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने कहा था कि एशियन गेम्स में टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के बावजूद 30 अक्तूबर को हरियाणा में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें शामिल नहीं किया गया। उनकी प्रोफाइल में केवल प्रतिभागी लिखा गया था जबकि वह जिला खेल अधिकारी कार्यालय में अपने प्रमाण पत्र, फोटो और अन्य दस्तावेज जमा करवा चुकी थीं।
कीर्ति ने वीडियो में कहा था कि सम्मान समारोह में पहुंचने के बावजूद उन्हें न तो स्वर्ण पदक जीतने पर कोई पुरस्कार राशि मिली और न ही नौकरी का प्रस्ताव दिया गया। उन्होंने यह मामला मंत्री अरविंद शर्मा के सामने भी उठाया था। कीर्ति के अनुसार, मंत्री ने उन्हें गलती सुधरवाने और मुख्यमंत्री से बात कर सम्मान दिलाने का आश्वासन दिया था। साथ ही खेल नीति के तहत नौकरी दिलवाने की बात भी कही थी।