जींद। महिला का सोशल अकाउंट हैक कर उसकी अश्लील फोटो बनाकर वायरल करने के आरोप में दादरी जिले के अश्वनी समेत चार लोगों के खिलाफ महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपी ने महिला को 85 फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर रिक्वेस्ट भेजी और परिवार के नंबर वायरल करने की धमकी के साथ जान से मारने की धमकी भी दी।
रेवाड़ी जिले के कोसली निवासी महिला अलेवा थानाक्षेत्र में रहती है। महिला ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दादरी के गांव पेंटावास निवासी अश्वनी लखवान, संगीत लखवान, रामनिवास तथा सिधि ने उसका इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर लिया। अश्वनी लखवान उससे चिकित्सक बनकर बात करता था। उसकी फेसबुक आईडी पर भी उसने अपने नाम के आगे डॉक्टर लगाया है। अपने सभी फोटो भी चिकित्सक की वेशभूषा में लगाए हैं। इस दौरान उसने उससे बातचीत में भी खुद को चिकित्सक बताया, जबकि वह कुछ काम नहीं करता और न ही चिकित्सक है। उसने सिधि नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उसकी अश्लील फोटो बनाकर वायरल कर दी। इसके अलावा किसी अन्य डिवाइस से उसके इंस्टाग्राम की फर्जी चैट तैयार कर उसे भी वायरल कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर जब उसने विरोध किया तो उक्त लोगों ने जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि इसके बाद भी आरोपी ने उसके पास 85 फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर रिक्वेस्ट भेजी। यह व्यक्ति बार-बार उसे परेशान कर रहा है। इसमें उसकी सहायता उसके भाई संगीत लखवान तथा पिता रामनिवास ने भी की। इसके अलावा सिधि नाम से एक इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसकी अश्लील फोटो बनाई और इस आईडी से वायरल कर दी।
वर्जन
पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ अकाउंट हैक करने, अश्लील फोटो बनाकर वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई शीला देवी, प्रभारी महिला थाना