जींद। यूजी कोर्स के लिए दाखिले के लिए अगस्त महीने में प्रक्रिया शुरू हुई थी। दाखिला प्रक्रिया चार महीने तक चलने के बाद भी विभिन्न कॉलेजों में सीटें खाली बची हुई हैं। हालांकि विभिन्न कोर्स में विद्यार्थियों द्वारा निर्धारित सीट पर ज्यादा आवेदन किए गए थे। चार महीने के दौरान दाखिला प्रक्रिया के दौरान दो मेरिट लिस्ट व उसके बाद फिजिकल काउंसलिंग के तहत सीटों को भरा जाना था। लेकिन विद्यार्थी यूजी कोर्स में दाखिले के लिए रुचि नहीं दिखा रहे हैं। अब भी कॉलेजों में यूजी कोर्स में सीटें खाली बची हुई हैं।
जिले भर के 17 कॉलेजों में साढ़े 10 हजार सीटें यूजी कोर्स में थीं। इस बार कोरोना संक्रमण के चलते जिले भर के सीबीएसई व हरियाणा बोर्ड के 12वीं कक्षा के साढ़े 17 हजार विद्यार्थी आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर पास हुए थे। ऐसे में जब कॉलेजों में यूजी कोर्स में दाखिला प्रक्रिया शुरू हुई तो बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने आवेदन किए गए थे। इसके चलते इस बार मेरिट लिस्ट भी ऊपर रही थी। जींद स्थित राजकीय पीजी कॉलेज में बीए संकाय में 500 सीटों पर 6555, बीकॉम संकाय में 280 सीटों पर 444, बीएससी नॉन मेडिकल में 300 सीटों पर 660, बीएससी मेडिकल संकाय में 150 सीटों पर 280, बीसीए में 60 सीटों पर 326, बीए इंग्लिश ऑनर्स में 139, बीए ज्योग्राफी ऑनर्स में 167 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। राजकीय पीजी कॉलेज में विभिन्न संकायों में साढ़े आठ हजार से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। वहीं जींद स्थित प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी महिला कॉलेज में बीए संकाय में 400 सीटों पर 2644, बीए इंग्लिश ऑनर्स में 40 सीट पर 62, बीए ज्योग्राफी ऑनर्स में 40 सीट पर 93, बीकॉम संकाय में 200 सीटों पर 217, बीकॉम ऑनर्स में 40 सीटों पर 58, बीएससी मेडिकल में 60 सीटों पर 193, बीएससी नॉन मेडिकल में 160 सीटों पर 333, बीसीए संकाय में 60 सीटों पर 88 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। राजकीय महिला कॉलेज में विभिन्न संकायों में 3688 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था।
निर्धारित सीटों पर आवेदन आए ज्यादा, फिर भी खाली रह गईं सीटें
अगर आवेदन प्रक्रिया की बात की जाए तो कॉलेजों में विभिन्न संकायों में निर्धारित सीटों से ज्यादा आवेदन विद्यार्थियों द्वारा किए गए थेे। बीए संकाय में विद्यार्थियों की रुचि ज्यादा बढ़ रही है और बीएससी मेडिकल और बीएससी नॉन मेडिकल संकाय में विद्यार्थियों की रुचि कम हो रही है। राजकीय महिला कॉलेज में बीए में निर्धारित सीटों पर साढ़े छह गुणा आवेदन और राजकीय पीजी कॉलेज में बीए संकाय में निर्धारित सीटों पर 12 गुणा से अधिक आवेदन आए थे। वहीं राजकीय महिला कॉलेज और राजकीय पीजी कॉलेज में बीएससी मेडिकल और नॉन मेडिकल सहित अन्य संकायों में निर्धारित सीटों से ज्यादा आवेदन आए थे। लेकिन अब राजकीय महिला कॉलेज में बीए इंग्लिश ऑनर्स में एक, बीएसी मेडिकल संकाय में एक, बीसीए में छह, बीकॉम ऑनर्स में आठ, बीकॉम में 32 और बीएससी नॉन मेडिकल में 44 सीट बची हुई हैं। वहीं राजकीय पीजी कॉलेज में बीकॉम संकाय में सात, बीएससी मेडिकल संकाय में 55 और बीएससी नॉन मेडिकल संकाय में 53 सीट खाली बची हुई हैं।
विद्यार्थी नहीं दिखा रहे दाखिले के लिए रुचि
राजकीय पीजी कॉलेज जींद की प्राचार्य शीला दहिया ने कहा कि यूजी कोर्स में दाखिला प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। कॉलेज में कुछ संकायों में अभी सीट खाली बची हुई हैं। विद्यार्थी दाखिले के लिए रुचि नहीं दिखा रहे हैं। अगर कॉलेज में खाली पड़ी सीटों पर दाखिले के लिए विद्यार्थी आते हैं तो खाली सीटों को भरने के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग से अनुमति ली जाएगी।