संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। कनाडा भेजने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 30 लाख रुपये हड़पने के मामले में सदर थाना सफीदों की पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सफीदों थाना क्षेत्र के गांव रोहड निवासी प्रभजोत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2018 में वह कामकाज की तलाश में था। उनकी जानपहचान अहमदाबाद में टीजी ट्रैवल हब वीजा कंसलटेंट के संचालक गुरदीप से रही है। गुरदीप ने बताया कि वह लीगल तरीके से प्रभजोत को कनाडा भेज देगा। राशि का भुगतान कनाडा जाने के बाद देना होगा। इसके अलावा वह उसके जान-पहचान वालों को भी कनाडा में सेट कर देगा। चार मार्च 2018 को आरोपी उनके गांव में आया और दस्तावेज ले गया। उन्होंने दो बार कनाडा एंबेसी को आवेदन किया लेकिन दोनों बार रद्द हो गया। इसके बाद गुरदीप ने मुंबई के अपने दोस्त के माध्यम से कनाडा का वीजा लगवाने की बात कही।
इसके लिए आरोपी ने 30 लाख रुपये की मांग की। 16 नवंबर 2018 को आरोपी को राशि दे दी गई। इसके बदले में आरोपी ने सिक्योरिटी चेक भी दिए थे। 16 दिसंबर 2018 को आरोपी ने वीडियो कॉल कर कनाडा का वीजा लगने की बात कही। टिकट खर्च के तौर पर ढाई लाख रुपये मांगे। जनवरी 2019 में आरोपी उसके घर आया और सिक्योरिटी चेक तथा ढाई लाख रुपये अपने साथ ले गया। वापसी के दौरान वीजा तथा पासपोर्ट देने की बात कही। इसके बाद आरोपी कभी लॉकडाउन तो कभी कोविड का बहाना बनाकर उसे टालता रहा। जब उसने राशि वापस मांगी तो आरोपी ने राशि तथा उसके दस्तावेज लौटाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। जांच अधिकारी चंद्रपाल ने बताया कि पुलिस ने प्रभजोत की शिकायत पर गुरदीप के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बॉक्स
फर्जी कागजात पर भेजा न्यूजीलैंड
मलिकपुर गांव निवासी महिला राजवंत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा गुरविंद्र विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उनके संपर्क में गांव के ही विक्रम और जोधबीर आए, जिन्होंने उनको विदेश भेजने का झांसा दिया। दोनों आरोपियों ने उसके बेटे को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर न्यूजीलैंड भेज दिया। जहां से उनको एंबेसी का नोटिस आया हुआ है। इसके अलावा उसके बेटे को वहां पर काम भी नहीं मिल रहा। इसके लिए उनके दस लाख रुपये अतिरिक्त खर्च हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों व्यक्तियों ने षड़यंत्र के तहत उसके बेटे को वहां पर फंसाया है। उसके बेटे की बैंक में अधिक राशि दिखाई गई जबकि उनके पास इतनी प्रापर्टी और राशि नहीं है। इसके बदले आरोपियों ने उनसे 19 लाख रुपये भी ठग लिए। सदर थाना सफीदों पुलिस ने महिला की शिकायत पर विक्रम और जोधबीर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।