लोगों को संबोधित करते कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुजरेवाला। विज्ञप्ति
- फोटो : Jind
जींद। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने जींद की पुरानी अनाज मंडी में प्रदेश में बढ़ते अपराध के विरोध में आयोजित रोष सभा में शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संगठित अपराध को संरक्षण दे रही है। यही कारण है कि जींद की ऐतिहासिक धरती को गुंडों की धरती बन गई है। इस दौरान उन्होंने पुरानी अनाज मंडी से लघु सचिवालय तक प्रदर्शन किया और एसडीएम को मांगों का ज्ञापन सौंपा।
सुरजेवाला ने कहा कि यदि सात दिनों में ठेकेदार श्यामसुंदर के हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा। उन्होंने मांग की है कि सरकार को व्यापारियों के लिए अलग से हेल्पलाइन नंबर जारी करना चाहिए, जिस पर वे किसी भी घटना की जानकारी दे सकें। इसकी सूचना गुप्त होनी चाहिए।
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह रोहतक रोड पर ठेकेदार श्याम सुंदर पर गोलियां बरसा कर उनकी हत्या कर दी गई थी। इसमें श्याम सुंदर का भतीजा हन्नी भी घायल हुआ था। इसके आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे व्यापारियों में रोष है। ऐसे में कांग्रेस ने शनिवार को प्रदर्शन का आयोजन किया। सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में रंगदारी व फिरौती वसूलने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में आईजी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित होनी चाहिए, जो ऐसे मामलों की जांच कर अपराधियों पर कार्रवाई करे। पुरानी अनाज मंडी से पैदल प्रदर्शन करते हुए सुरजेवाला व उनके साथ अन्य कांग्रेसी लघु सचिवालय पहुंचे। यहां एसडीएम डॉ. वेदप्रकाश को ज्ञापन सौंपा।