जींद। सफीदों के हाट रोड पर स्कूटी सवार युवक ने एक व्यक्ति को पेंशन कार्यालय का रास्ता पूछने के बहाने अपने साथियों के साथ मिलकर उससे सोने की अंगूठी छीन ली। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात चार युवकों के खिलाफ छीना झपटी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सिंगलपुरा कॉलोनी निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह साइकिल पर सवार होकर मजदूरी के लिए गांव सिंघपुरा जा रहा था। हाट रोड पर पहुंचते ही स्कूटी सवार युवक ने पेंशन बनाने के कार्यालय के बारे में पूछा। फिर उसकी पेंशन बनी होने के बारे में पूछा। इसके बाद पैदल दो युवक और आ आए। उन्होंने उसे पकड़ लिया और एक युवक ने उसकी उंगली से सोने की अंगूठी निकाल ली। इसके बाद स्कूटी सवार युवक हाट रोड की तरफ भाग गया। वहीं दो युवक बाइक पर अपने साथी के साथ शहर की तरफ फरार हो गए। इसकी सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद संदिग्ध युवकों की धरपकड़ के लिए अभियान भी चलाया, लेकिन युवकों का कोई सुराग नहीं लगा। जांच अधिकारी कपिल ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चार युवकों के खिलाफ छीना झपटी के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।