14जेएनडी08: हिंदी दिवस पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को बैग देकर सम्मा
जींद। राजकीय कन्या उच्च विद्यालय बीबीपुर में हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने निबंध लेखन, भाषण और कविता-पाठ सहित छह प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में हिंदी भाषा के महत्व और समृद्ध विरासत को रेखांकित किया गया।
निबंध लेखन प्रतियोगिता में कक्षा दसवीं की खुशी ने प्रथम, नौवीं की पायल ने द्वितीय और दसवीं की इशिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं की इंदु प्रथम, सातवीं की आरजू द्वितीय और आठवीं की रूबी तृतीय रही। कविता-पाठ में आठवीं की आरजू ने पहला, पांचवीं की यशिका ने दूसरा और सातवीं की पावनी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व को दर्शाते हुए आकर्षक पोस्टर भी तैयार किए। मुख्य अध्यापक मुकेश कुमार ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और साहित्य की पहचान है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल बढ़ाने के साथ उनमें अपनी भाषा के प्रति सम्मान की भावना भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन इनर व्हील क्लब के सौजन्य से किया गया। क्लब अध्यक्ष डॉ. सीमा मलिक ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए क्लब की ओर से लगातार रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियां करवाई जाती हैं। नई पीढ़ी को हिंदी की समृद्ध विरासत से परिचित कराना जरूरी है।