उचाना की नई अनाज मंडी में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कुछ करने की नीयत होती तो पूर्व केंद्रीय मंत्री बिरेंद्र सिंह के पास पूरे 40 साल थे। पिछले 15 सालों से तो वह लगातार सत्ता में हैं, परंतु उन्हें उचाना के लोगों के सुख से कोई लेना-देना नहीं है। केवल पांच साल मुझे देकर देखो, उचाना की तस्वीर व तकदीर बदल देंगे।
दुष्यंत ने कहा कि उचाना की जनता एक विधायक नहीं चुनने जा रही बल्कि अपनी सरकार चुनने जा रही है। जनता ने जजपा के 52 विधायक चंडीगढ़ की बस में चढ़ा दिए हैं, अब बस की ड्राइवर सीट पर उचाना हलके के बैठते ही यह बस 24 अक्टूबर को चंडीगढ़ सचिवालय पर ही जाकर रुकेगी। दुष्यंत ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा टोल लगा कर क्षेत्र की जनता द्वारा वसूली जा रही टोल की राशि से राहत दिलवाएंगे और इसके लिए टोल प्लाजा के पास वैकल्पिक रोड बनाए जाएंगे। जो लोग उन्हें बाहरी बता रहे हैं वह अपने भाई के घर ही दो दिन सोकर दिखाएं। वह पिछले 11 सालों से उचाना में आ रहे हैं। उन्होंने नगूरां, बड़ौदा, करसिंधु, छात्तर, खटकड़ गांव में रातें बिताई हैं। वह आम आदमी हैं और किसी भी आम आदमी के घर जाकर सो सकते हैं, लेकिन बीरेंद्र सिंह अपने आपको किसी महाराज से कम नहीं समझते। इस मौके पर अशोक तंवर ने भी रैली को संबोधित किया। यहां नारनौंद से प्रत्याशी रामकुमार गौतम, मांगेराम गुप्ता भी मौजूद रहे।