बस स्टैंड के पास दुकानों के आगे रखा सामान। संवाद
- फोटो : Jind
शहर में हुए अतिक्रमण के खिलाफ अब प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। बुधवार से शहर में अतिक्रमण पर कार्रवाई शुरू होगी। दुकानदारों द्वारा सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर आयुक्त संजय बिश्नोई ने तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी बुधवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करेगी। गौरतलब है कि अमर उजाला द्वारा 28 जुलाई के अंक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद नगर परिषद ने कार्रवाई की योजना तैयार की है। कमेटी में नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक मोहन भारद्वाज, नगर परिषद के भूमि अधिकारी सचिन कुमार गोयल तथा नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता जय कुमार को शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कमेटी में शामिल कर्मियों को निर्देश दिए कि वह प्रतिदिन शहर की सड़कों से अतिक्रमण हटवाना सुनिश्चित करें और कार्य की प्रगति रिपोर्ट जिला नगर आयुक्त कार्यालय भिजवाएं। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान गठित टीम के साथ पुलिस कर्मी भी साथ रहेंगे। नगर आयुक्त ने शहर के दुकानदारों से कहा है कि वह अपनी दुकानों के सामने सड़क पर सामान न रखें। अगर कोई दुकानदार 4 अगस्त को दुकान के सामने सड़क पर अपना सामान रखता मिला तो उसे नगर परिषद द्वारा जब्त कर लिया जाएगा।
प्रशासन खींचेगा लक्ष्मण रेखा
डीएमसी संजय बिश्नोई के अनुसार प्रशासन द्वारा पूरे शहर में सड़कों के दोनों किनारों पर पीली पट्टी पहले भी लगवाई गई थी और सभी दुकानदारों को निर्देश दिए गए थे कि वह इस पट्टी के अंदर ही अपना सामान रखें। उन्होंने जींद नगर परिषद के अंतर्गत आने वाली सभी दुकानों के मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वह सड़कों से अतिक्रमण हटाकर सामान को निर्धारित पीली पट्टी के अंदर ही रखें। अब जहां पट्टी नहीं है, वहां पर फिर से निशान लगाया जाएगा।
पहले भी हुई थी व्यवस्था
हालांकि करीब तीन साल पहले भी मेन बाजार में इस प्रकार की व्यवस्था हुई थी। दुकानों के बाहर पीली पट्टी लगाई गई थी। कुछ समय तक इसका पालन भी हुआ। लेकिन अब फिर से सामान पीली पट्टी के बाहर रखा जाने लगा है।