जुलाना। कार में सवार होकर आए तीन-चार लोगों ने नंदगढ़ गांव की एक गली में हवाई फायर किए और जान से मारने की धमकी दी। इस आरोप में जुलाना थाना पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
नंदगढ़ गांव के रहने वाले सत्यवान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 सितंबर को करीब साढ़े तीन बजे गांव का ही रहने वाला मोहित उसके भाई अंकुश को बुलाने के लिए घर पर आया था। उसने कहा कि वह घर पर नहीं है। कुछ देर के बाद अंकुश घर पर आ गया। थोड़ी देर बाद अंकुश के मोबाइल फोन पर गांव के ही नवीन ने व्हाट्सएप कॉल कर कहा कि उसे सत्यवान से बात कराओ। जब वह नवीन से बात करने लगा तो उसने गाली देनी शुरू कर दी। उसने फोन काट दिया। इसके बाद वह नवीन के घर पर गया। नवीन और उसके भाई संजय ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद करीब साढ़े 11 बजे नवीन शामलो कलां गांव के संदीप व बराह खुर्द गांव के विजय के साथ अपनी गाड़ी में सवार होकर आया। इन लोगों ने गली में मकान के पास तीन-चार हवाई फायर किए और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। जुलाना थाना पुलिस ने हवाई फायरिंग करने, जान से मारने की धमकी देने व मारपीट करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।