घायल को नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए लेकर जाते परिजन।
- फोटो : Jind
जींद। रामराये गांव में सोमवार देर शाम को बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। जानकारी मिलने पर परिजन घायल संदीप को नागरिक अस्पताल लेकर गए, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया, लेकिन परिजन घायल को हिसार के निजी अस्पताल में ले गए। वारदात की सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया।
गांव रामराये निवासी संदीप सोमवार शाम को सैर करने के लिए गांव के स्कूल की तरफ गया हुआ था। जब वह राजकीय स्कूल के पास पहुंचा तो बाइक पर सवार दो युवक आए और संदीप पर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर स्कूल में खेल रहे युवक मौके पर पहुंच दो देखा कि आरोपी वारदात को अंजाम देकर नारनौंद की तरफ बाइक पर भाग रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि जिले के एक गांव की युवती हांसी थाना क्षेत्र में शादीशुदा है। शादी के कुछ दिनों के बाद युवती अपना ससुराल छोड़कर संदीप के पास आ गई और अब उसके पास ही रहती है। उन्होंने शक जाहिर किया कि युवती के ससुरालीजनों ने ही संदीप की हत्या करने के लिए गोली मारी है। गोली युवक के जबड़े में लगी है। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि घायल युवक के बयान दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।