17जेएनडी21-जुलानी गांव में मच्छर का लार्वा चैक करते स्वास्थ्य कर्मचारी। स्रोत
जींद। जिले में एक बच्ची सहित चार और डेंगू के मरीज मिले हैं। जिले में डेंगू का आंकड़ा अब 48 पर पहुंच गया है। वहीं अब तक चिकनगुनिया के तीन और मलेरिया के दो मामले स्वास्थ्य विभाग को मिल चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग को जो रिपोर्ट मिली है उसमें सिंघाना 34 वर्षीय व्यक्ति, बैंड मार्केट जींद का 35 वर्षीय व्यक्ति, हैबतपुर की 21 वर्षीय युवती और घिमाना की 13 वर्षीय किशोरी शामिल है। डेंगू की रिपोर्ट मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने आसपास क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। स्वास्थ्य विभाग की 250 से अधिक टीमें फील्ड में हैं। जो लगातार आमजन को मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक कर रही है साथ ही बुखार पीड़ित के सैंपल भी ले रही है।
मच्छर जनित बीमारियों से बचाव
अपने घर व आसपास की सफाई करते हुए गड्ढों, खाली पड़े टायरों व गमलों आदि में पानी खड़ा नहीं होने दें। ऐसा करने से अधिकतर बीमारियों से बचा जा सकता है। इसके अलावा पानी के बर्तनों को ढक कर रखें। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें। सप्ताह में एक बार कूलर, फूलदान, पशु और पक्षियों के पानी के बर्तनों तथा हौदी को सुखाकर ही भरे।
वर्जन
विभाग को बच्ची सहित चार और डेंगू पॉजिटिव की रिपोर्ट मिली है। अब डेंगू का आंकड़ा 48 पर पहुंच गया है। वहीं चिकनगुनिया के तीन और मलेरिया के दो मामले स्वास्थ्य विभाग को मिल चुके हैं।-डॉ. विजेंद्र ढांडा, जिला मलेरिया अधिकारी, जींद