जींद। शहर की सुंदरता को बढ़ाने व सड़क मार्ग को बेहतर करने के लिए लगातार प्रशासन काम कर रहा है। अब शहर के मुख्य मार्ग जींद सफीदों रोड के निर्माण से पहले सफीदों गेट पर दालमवाला अस्पताल के नजदीक चौक से निर्जन तक फोरलेन कंकरीट की सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा गया है। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और इस बदहाल रोड से शहरवासियों को मुक्ति मिलेगी।
यह सड़क दस मीटर चौड़ी बनेगी। इसमें दोनों तरफ नाले और बीच में डिवाइडर बनाया जाएगा। डिवाइडरों पर लाइट लगाई जाएंगी। फोरलेन की इस सड़क पर दोनों तरफ साढ़े सात-सात मीटर की सड़क और बीच में साढ़े तीन फीट का डिवाडर बनाया जाएगा। इस काम को जल्द ही पूरा करवाने के लिए पीडब्ल्यूडी काम कर रहा है। शहर में प्रवेश करने वाले सभी मुख्य मार्ग बेहतर बने हुए हैं। भिवानी रोड, गोहाना रोड समेत शहर के अंदर भी सड़क मार्ग बेहतर है। यह सड़क पहले ब्लॉक की बनाई गई थी। इसके बाद इस मार्ग पर वाहन चालकों को परेशानी हुई तो उस समय मौजूद विधायक डॉ. कृष्ण मिड्डा ने इस सड़क के दोबारा से निर्माण के निर्देश दिए और इसको तारकोल की सड़क बनवाया। इसके बाद इसके मध्य पत्थर के लगभग साढ़े तीन फीट के लगाए गए पत्थरों को हटवाया गया। इनके कारण भी यहां पर हादसे होते थे। इस सड़क पर शहर के मध्य आवागमन अधिक होने के कारण अब इस सड़क को लेकर विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्डा ने पीडल्ब्यूडी को फॉर लेन बनाने के निर्देश दिए। इसका एस्टीमेट अब विभाग ने मुख्यालय भेजा है, ताकि इस का टेंडर जारी करवाकर इसका निर्माण करवाया जा सके।
बाक्स
184 करोड़ रुपये से होना है जींद से सफीदों तक सड़क का चौड़ीकरण
जींद से सफीदों तक 184 करोड़ रुपये की राशि से सड़क की चौड़ाई 10 मीटर बढ़ाई जाएगी। इसके लिए वन विभाग को लंबे समय से लगभग 38 एकड़ जमीन की जरूरत थी। अब विभाग को यह जमीन मिल गई है। इसको मंजूरी के लिए संबंधित विभाग कार्रवाई कर रहा है। विभाग से एनओसी मिलते ही इस सड़क से वन विभाग पेड़ कटवाएगा और इसके बाद पीडब्ल्यूडी सड़क का निर्माण शुरू करेगी।
बाक्स
पहले चरण में शहर के मध्य बनाई जाएगी फॉरलेन
जींद सफीदों मार्ग के चौड़ीकरण से पहले शहर के मध्य दालमवाला चौक से निर्जन फ्लाईओवर तक फॉरलेन सड़क बनाने का एस्टीमेट भेजा है। इसको जनवरी माह में मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद इस सड़क के टेंडर करवाकर काम शुरू करवाया जाएगा, ताकि शहर की सुंदरता को बढ़ाया जा सके और राहगीरों को बेहतर सड़क मिलेगी।
-आरके नैन, एक्सईन पीडब्ल्यूडी बीएंडआर जींद।