जींद। खरकरामजी गांव की पूर्व सरपंच कविता को साइबर ठगों ने ऑनलाइन काम का झांसा देकर 2.93 लाख रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
कविता ने एफआईआर में बताया कि 11 अक्तूबर को फेसबुक से ऑनलाइन वर्क का मैसेज आया। अज्ञात ने कहा कि आप टेलीग्राम चलाएं वर्क फ्रॉम होम बिना पैसे लगाए इनकम पाएं। इसके बाद उसे टेलीग्राम पर जोड़ लिया गया और उसे सैलरी कोड व काम के लिए टास्क भेजे जाने लगे।
शुरुआत में 20 टास्क पूरा करने के बाद उन्होंने 300 रुपये खाते में डाल दिए। 12 अक्तूबर को 20 तक पूरे करने पर उसके खाते में 700 रुपये आए। अगले दिन 13 अक्तूबर को उन्होंने पांच हजार रुपये उसके खाते में भेज दिए।
उसी दिन कहा कि आप एक लाख रुपये एक यूपीआई आईडी में डाल दो और टास्क पूरा होने पर खाते में एक लाख 30 हजार रुपये आ जाएंगे। उसने एक लाख रुपये डाल दिए लेकिन टास्क पूरा करने के बाद उन्होंने कहा कि टास्क पूरा करने में गलती की है।
उस समय उन्होंने कहा कि अगले दिन आप 1,93,130 रुपये डालकर टास्क पूरा करना होगा। उसने अगले दिन केनरा बैंक में जाकर उनके बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से यह राशि डाल दी। जब उसने उनसे सिंपल कॉल पर बात करने को कहा तो उन्होंने मना कर दिया।
तब उसे पता चला कि उसके साथ ऑनलाइन ठगी हो गई है। साइबर पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।