पत्रकार वार्ता करते पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और जुलाना से पूर्व विधायक परमेंद्र सिंह ढुल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के जींद में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि वर्तमान सरकार में नौकरियां दुकान पर किराना के सामान की तरह बिक रही हैं। सिपाही, परिचालक और क्लर्क आदि पदों के लिए रेट तय हैं। ऐसे में कांग्रेस ने विधानसभा में प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की थी। सरकार सीबीआई से मामले की जांच नहीं करवा रही है। ऐसे में साफ है कि सरकार किसी को संरक्षण देने में लगी है।
शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए हुड्डा ने कहा कि उनकी सरकार के समय में प्रदेश प्रति व्यक्ति आय में देश में पहले स्थान पर था, लेकिन अब बेरोजगारी बढ़ गई है। इसके अलावा यहां अपराध भी बढ़ा है। हुड्डा ने कहा कि सरकार के संरक्षण में प्रश्नपत्र लीक करने वाले करोड़पति हो गए हैं और सप्लाई करने वाले लखपति हो गए हैं।
इसके विपरीत प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा व जजपा का गठबंधन नीतिगत नहीं, स्वार्थ है। दोनों के घोषणापत्रों में से एक भी वादा पूरा नहीं किया गया है। हुड्डा ने कहा कि पहले जींद में 14 नवंबर को विपक्ष आपके समक्ष कार्यक्रम रखा गया था, लेकिन उस दिन शादियां ज्यादा हैं। ऐसे में यह कार्यक्रम 18 नवंबर को होगा।
यह भी पढ़ें : दिवाली से पहले वेतन की आस: पर्यटन निगम कर्मियों को दो माह, पंचायत ट्यूबवेल ऑपरेटर को पांच महीने से नहीं मिला वेतन
टीकरी बॉर्डर पर महिलाओं को कुचलने की हो जांच
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि टीकरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रही महिला किसानों को ट्रक ने कुचल दिया। इनमें से तीन की मौत भी हो गई। ऐसे में सरकार को इस मामले की निष्पक्ष जांच करवानी चाहिए। साथ ही किसानों को मुआवजा भी दिया जाना चाहिए।