जींद। जींद-नरवाना रोड पर शनिवार रात ट्रांसफार्मर में हुए शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से पाइप और प्लास्टिक दाना की फैक्टरियों में भीषण आग लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही जींद, उचाना और नरवाना से पहुंचीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने करीब 10 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दो फैक्टरियों में रखा लाखों का माल जल चुका था।
रमेश ने बताया कि नरवाना रोड पर उसकी पाइप की फैक्टरी है। उसक पास ही उसके भाई सतीश की भी प्लास्टिक दाने की फैक्ट्री है। शनिवार रात देर रात फैक्टरी के बाहर रखे ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे निकली चिंगारी ने दोनों फैक्ट्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि आग लगने के दौरान फैक्टरियों में कर्मचारी नहीं थे। तत्काल गार्ड ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर जींद से पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आग बढ़ता देख नरवाना और उचाना से फायर ब्रिगेड की और गाड़ियों को बुलाया गया। कर्मचारियों ने करीब 10 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद दोनों फैक्टरियों में लगी आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक फैक्ट्रियों में रखा माल जल गया था।