जींद/उचाना। संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त को जिले भर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्य कार्यक्रम जींद शहर की तिरंगा यात्रा रहा। इस दौरान काफी संख्या में ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर किसान खटकड़ टोल प्लाजा से जींद शहर की सड़कों पर यात्रा निकालने पहुंचे। इस कारण प्रशासन की सांसें फूली रहीं। कुछ समय के लिए बस स्टैंड को भी बंद कर दिया गया।
सुबह करीब 11 बजे किसान खटकड़ टोल पर एकत्रित हुए और यहां से जींद के लिए चले। पटियाला चौक, एसडी स्कूल, रानी तालाब, बस स्टैंड व सफीदों बाईपास होते हुए वापस कुंदन सिनेमा के रास्ते खटकड़ टोल पर पहुंचे। किसानों की यात्रा को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
वहीं दूसरी ओर उचाना में किसानों द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान महिलाएं हरियाणवी वेशभूषा में पहुंची तो किसान हल सहित अन्य कृषि औजार भी लेकर पहुंचे। किसानों ने अपने ट्रैक्टर भी सजाए। वाहन के ऊपर गांव का नाम लिखा। किसान नेता आजाद पालवां व सिक्किम सफाखेड़ी ने यात्रा को रवाना किया। नए बस स्टैंड से नरवाना बाईपास, फाटक के पास से शहर की तरफ लितानी रोड, पुरानी अनाज मंडी, रेलवे रोड, पुराने बस स्टैंड से 40 फुटा रोड से होते हुए कपास मंडी के रास्ते बाइक, ट्रैक्टरों का काफिला फायर ब्रिगेेड कार्यालय से मंडी में पहुंचा। इस दौरान आजाद पालवां ने कहा कि किसानों व मजदूरों को 2024 तक आंदोलन चलाना पड़ा तो वह चलाएंगे। इस मौके पर फूल सिंह श्योकंद, बलिंद्र उचाना कलां, अनूप करसिंधु, रामनिवास, मेवा, बीरा, धर्मबीर सुदकैन कलां, अनिल उचाना खुर्द, सुरेंद्र श्योकंद, नरेंद्र खापड़, महाबीर मंगलपुर, वीरेंद्र सिंह, राजा उचाना कलां, लाभ सिंह, धोलू, राजेंद्र काकड़ौद, दलबीर श्योकंद, फिरोज खान, सतपाल शीला छात्तर मौजूद रहे।
और मजबूत हुआ है आंदोलन
किसान आंदोलन पिछले नौ महीने से चल रहा है। सरकार ने आंदोलन को बदनाम करने व तोड़ने के काफी प्रयास किए लेकिन आंदोलन हर बार मजबूत हुआ है। तिरंगा यात्रा में भी किसानों ने जिस प्रकार शांति का परिचय दिया है, इससे आंदोलन काफी मजबूत हुआ है। -सतबीर पहलवान, प्रधान माजरा खाप।
किसानों ने निकाली ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा
जुलाना। जुलाना में किसानों ने रविवार को ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा नए बस स्टैंड पर चल रहे लंगर स्थल से शुरू हुई और जींद-रोहतक मार्ग, पुराना बस अड्डा, मैन बाजार, पुरानी अनाज मंडी, हांसी रोड से होते हुए नए बस स्टैंड पर पहुंची। ट्रैक्टरों की लंबी लाइन लग गई, जो एक लाइन में अनुशासन से गुजरी जिसमें किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। इस मौके पर प्रधान बसाऊ लाठर, ढांडा खाप के प्रधान नरेश ढांडा, मोहित लाठर, किसान नेता विक्रम मलिक व नरेंद्र ढांडा भी मौजूद रहे।