फोटो 018एसएफडीएम1, सब माइनर की टेल पर प्रदर्शन करते हुए गांव पाजू खुर्द के किसान। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
सफीदों। मुआना सब माइनर की टेल तक पानी नहीं पहुंचने से परेशान किसानों ने भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेतृत्व में शनिवार को गांव पाजू खुर्द में विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। अधिकारियों को मौके पर बुलाया।
सिंचाई विभाग के जेई गगन मान और बेलदार दीपक मौके पर पहुंचे। इस दौरान किसानों और अधिकारियों के बीच काफी देर तक बातचीत और नोकझोंक भी हुई। जांच के दौरान दो मोरियां निर्धारित सीमा से अधिक खुली मिलीं जिन्हें नियम के अनुसार बंद कराने के निर्देश दिए गए। इसके बाद टेल तक पानी पहुंचना शुरू हो गया।
किसानों ने बताया कि क्षेत्र की नहरों में करीब एक सप्ताह पहले पानी छोड़ा गया था लेकिन मुआना सब माइनर की टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा था। इससे धान की फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही थी और किसानों को नुकसान उठाने की चिंता सताने लगी थी।
भाकियू संरक्षक जयबीर, प्रधान नफे सिंह, जिले सिंह और गुरनाम सिंह समेत अन्य किसानों ने बताया कि सब माइनर में जगह-जगह झाड़-झंखाड़ और गंदगी जमा होने के कारण पानी का बहाव बाधित हो रहा था। इसके अलावा पुलों के पास मलबा जमा होने से भी पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा था। किसानों का आरोप था कि समय पर सफाई नहीं होने और रखरखाव के अभाव में धान की फसल प्रभावित हो रही है।
बाक्स
सब माइनर का बेड कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। पानी आगे पहुंचाने के लिए कुछ किसान पॉलिथीन लगाकर अस्थायी व्यवस्था कर रहे हैं। सब माइनर की सफाई के साथ क्षतिग्रस्त बेड की मरम्मत भी जल्द कराई जाएगी ताकि भविष्य में किसानों को सिंचाई संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।
-गगन मान, जेई