नरवाना। संयुक्त किसान मोर्चा का तहसील कार्यालय के बाहर चल रहा धरना मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतलों का दहन किया गया।
अखिल भारतीय किसान सभा हरियाणा के राज्य अध्यक्ष मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि आज पूरी दुनिया अमेरिका की तानाशाही का नंगा नाच देख रही है जिससे विभिन्न देशों की संप्रभुता को खतरा पैदा हो गया है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति की कथित किडनैपिंग जैसी घटनाएं इसका उदाहरण हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के एक मंत्री द्वारा भारत में आकर दी गई धमकी भी वैश्विक राजनीति में बढ़ते दबाव को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जेफरी एपस्टीन फाइल के माध्यम से दुनिया के कई कॉरपोरेट घरानों की सच्चाई सामने आई है। इसी मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए डोनाल्ड ट्रंप ने इस्राइल के साथ मिलकर ईरान पर हमला कर वैश्विक आर्थिक संकट की स्थिति पैदा कर दी है।
उन्होंने कहा कि ऐसी नीतियों के खिलाफ दुनिया के मेहनतकश लोगों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। बलजीत सिंह मांडवी ने कहा कि तानाशाही प्रवृत्तियों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए संघर्ष का रास्ता अपनाना जरूरी है। इस अवसर पर गंगा सिंह खरल, मा. बलबीर सिंह, बलिंद्र, जोधाराम, शमशेर, ज्ञानीराम और रणधीर, डिंपल, निहाल सिंह, सुरजन, मांगेराम, सतबीर खरल, शीशपाल गुलाड़ी, रत्न सिंह, साधु राम, दिनेश कर्मगढ़, हरिकेश, हवा सिंह, बदन सिंह, इंद्र सिंह, सतपाल, अलबेल, भूपेंद्र सिंह, शीशपाल सच्चाखेड़ा मौजूद रहे।