खटकड़ व बद्दोवाल टोल प्लाजा पर चल रहे किसानों के धरने मंगलवार को समाप्त हो गए। इस दौरान दोनों ही टोल प्लाजा पर समापन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें किसान नेता राकेश टिकैत, गुरमनाम सिंह चढूनी, जोगेंद्र उग्राह आदि ने शिरकत की। इस मौके पर किसान नेता राकेश टिकैत, गुरनाम सिंह चढूनी, जोगेंद्र सिंह उगराहां, युद्धवीर सिंह, रवि आजाद और अभिमन्यु कोहाड़ सहित कई अन्य लोगों ने शिरकत की।
खटकड़ टोल पर पहुंचे राकेश टिकैत ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि लखीमपुर खीरी की घटना पर एसआईटी ने माना है कि यह साजिश के तहत किया गया। किसान भी कह रहे थे कि किसानों की हत्या साजिश के तहत की गई। ऐसे में अब केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र को इस्तीफा देना चाहिए।
जिले में आयोजित दोनों कार्यक्रमों में किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी व राकेश टिकैत अलग-अलग पहुंचे। गुरनाम सिंह चढूनी सुबह करीब 11 बजे नरवाना के बद्दोवाल टोल पहुंचे। इसके बाद वे खटकड़ के लिए निकल गए। उनके निकलने के बाद राकेश टिकैत भी बद्दोवाल पहुंचे और इसके बाद वे खटकड़ पहुंचे।
जिले में फिलहाल दो टोल प्लाजा हैं। इनमें बद्दोवाल टोल आज से शुरू हो रहा है, जबकि खटकड़ टोल प्लाजा बुधवार आधी रात से शुरू हो जाएगा। अब पहले के मुकाबले पांच रुपये लेकर 15 रुपये अधिक टोल टेक्स देना होगा। बद्दोवाल टोल प्लाजा के मैनेजर रवि कुमार के अनुसार सरकार ने अप्रैल महीने में टोल की दर बढ़ाई थी। यह लागू हो गई है। इससे कार पर पांच रुपये, मध्यम भारी वाहनों पर दस रुपये व ट्रक-बस जैसे वाहनों पर 15 रुपये अधिक टोल टेक्स लगेगा।
उन्होंने बताया कि फास्टैग नहीं होने पर टोल टेक्स दोगुना देना होगा। वहीं 20 किलोमीटर क्षेत्र के लोग अपना रियायती पास बनवा सकते हैं। दूसरी ओर खटकड़ टोल प्लाजा के प्रबंधक रोबिन सिंह के अनुसार टोल पूरी तरह से अभी तक तैयार नहीं हुआ है। इसकी तैयारी चल रही है। बुधवार से टोल शुरू होने की उम्मीद है। अभी पुराना टोल टैक्स ही वसूला जाएगा, लेकिन अगले एक-दो दिन में बढ़ी हुई कीमतें प्रभावी होंगी।