जींद। पंजाब-हरियाणा के खनौरी और शंभू बॉर्डर पर डटे किसानों ने रविवार को दिल्ली-बठिंडा रेलवे ट्रैक जाम कर दिया। किसान रेलवे ट्रैक पर बैठ गए। इससे रेलवे यातायात बाधित हो गया।
किसान पंजाब के मानसा, संगरूर और सुनाम स्टेशन पर दरी बिछाकर ट्रैक पर बैठे। इन स्टेशनों से होकर ही ट्रेनें वाया जींद होकर दिल्ली जाती हैं। ट्रैक जाम का माल गाड़ियों पर खासा असर पड़ा। हालांकि सवारी गाड़ियों पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा, लेकिन मालदा से आने वाली 13483 फरक्का एक्सप्रेस प्रभावित हुई। यह ट्रेन 1 बजकर 04 मिनट पर जींद जंक्शन पर पहुंची और 2 बजकर 04 मिनट पर रवाना हुई। इस ट्रेन का जींद पहुंचने का समय सुबह 7 बजकर 03 मिनट है। दो मिनट के ठहराव के बाद रवाना होती है, लेकिन रविवार को यह ट्रेन छह घंटे की देरी से 1 बजकर 04 मिनट पर जींद पहुंची। प्रतिदिन दिल्ली की तरफ से आवागमन करने वाली 12481 श्रीगंगानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन भी अपने निर्धारित समय 3 बजकर 16 मिनट पर जींद जंक्शन पहुंची। इसके बाद इस ट्रेन को छह मिनट बाद बठिंडा की तरफ रवाना किया गया। इस ट्रेन पर कोई खास असर नहीं पड़ा। किसानों के रेलवे ट्रैक जाम के फैसले को लेकर राजकीय रेलवे पुलिस और आरपीएफ मुस्तैद रही। इसके चलते जीआरपी इंस्पेक्टर भगवान दास के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने जींद, बरसोला, उचाना, घासो और नरवाना जंक्शन पर गश्त की।
हरियाणा और पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन के कारण किसानों ने रविवार को देशभर में रेलवे ट्रैक जाम करने का फैसला लिया था। रेलवे ट्रैक जाम करने का समय दोपहर 12 से शाम को 4 बजे तक था। हालांकि इस समय जींद से बठिंडा के बीच कम ही सवारी गाड़ियां हैं, जोकि जाम में फंसती, लेकिन पश्चिम बंगाल के मालदा स्टेशन से चलने वाली 13483 फरक्का एक्सप्रेस ही फंसी, क्योंकि यह ट्रेन पीछे से ही देरी से चल रही थी। यदि यह ट्रेन भी अपने निर्धारित समय पर आती तो ट्रैक जाम होने से पहले ही बठिंडा जंक्शन पर पहुंच सकती थी। इसके अलावा 04084 जींद एक्सप्रेस स्पेशल का जींद पहुंचने का समय दोपहर 1 बजे है, लेकिन यह ट्रेन 12 बजे से पहले ही हरियाणा की सीमा में आ चुकी थी, जिसके कारण यह जाम में नहीं फंसी। यदि देरी से आती तो इस ट्रेन को पंजाब में ही रोकना पड़ता। हालांकि दोपहर 12 से 4 बजे तक और सवारी गाड़ियों का समय नहीं था।
पंजाब के संगरूर, मानसा और सुनाम में किसानों ने दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक रेलवे ट्रैक जाम किया था। इसके कारण 13483 फरक्का एक्सप्रेस प्रभावित हुई। इस ट्रेन को जींद जंक्शन पर रोका गया था। 1 घंटे के बाद दोपहर 2 बजे जींद से रवाना कर दिया। इसके अलावा किसी भी ट्रेन पर कोई असर नहीं पड़ा। -अनिल यादव, ट्रैफिक इंचार्ज, रेलवे जंक्शन जींद।