11जेएनडी30: सफीदों में अवैध फैक्टरी को सील करते हुए। स्रोत: प्रशासन
जींद। उपमंडल प्रशासन ने अवैध रूप से संचालित औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को एक और फैक्टरी को सील कर दिया। चार फैक्टरियों पर नोटिस चस्पा किया गया। अब तक प्रशासन छह फैक्टरियों को सील कर चुका है।
एसडीएम पुलकित मल्होत्रा ने बताया कि उपमंडल क्षेत्र में बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के चल रही औद्योगिक इकाइयों की लगातार जांच की जा रही है। हाल ही में हुए अग्निकांड को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की है। इसका नोडल अधिकारी तहसीलदार राजेश गर्ग को बनाया गया है।
टीम सफीदों कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में फैक्टरियाें की जांच कर रही है। निरीक्षण के दौरान जिन फैक्टरियाें के पास आवश्यक अनुमति, लाइसेंस या सुरक्षा मानकों से संबंधित दस्तावेज नहीं मिले, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी औद्योगिक इकाई बिना सुरक्षा मानकों के संचालित न हो। एसडीएम ने कहा कि जहां भी अवैध फैक्टरी संचालित होने की सूचना मिलेगी वहां कार्रवाई की जाएगी।