18जेएनडी16: नशे से दूर रहने को लेकर जागरूक करते हुए। स्रोत : संस्थान।
नरवाना। राजकीय महाविद्यालय नरवाना में राष्ट्रीय सेवा योजना, रेड रिबन क्लब और रेडक्रॉस समिति के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागृति व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता जयपाल सिंह आर्य ने कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र की शक्ति का आधार है लेकिन आधुनिक चकाचौंध व गलत संगत के कारण नशे की प्रवृत्ति दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि नशे से सामाजिक अपराध, दुर्घटनाएं और गंभीर बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। जयपाल सिंह ने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को भी युवाओं के लिए चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल लत से सोचने-समझने की क्षमता कमजोर होती है और नींद के अभाव में चिड़चिड़ापन बढ़ता है।
उन्होंने स्मैक, हीरोइन, अफीम, डोडा पोस्त जैसे नशीले पदार्थों से फैलने वाली घातक बीमारियों की जानकारी देते हुए छात्रों को पूर्ण नशा मुक्ति का संकल्प लेने को प्रेरित किया। साथ ही नशा तस्करों की सूचना देने हेतु टोल फ्री नंबर 1933, 9050891508 और 1930 की जानकारी दी।
प्राचार्य डॉ. मीनू सिंह ने विद्यार्थियों को योग, खेल-कूद और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाकर स्वस्थ जीवन शैली जीने की सलाह दी। कार्यक्रम में सभी छात्रों को नशा मुक्त समाज के लिए जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम हरियाणा नशा मुक्ति जागृति परिषद के दिशा-निर्देशानुसार किया गया। इसमें राजीव चल, सुमन ढुल, शैलेंद्र नैन, मुकेश कुमारी सहित स्टाफ सदस्यों ने सहयोग दिया।