जींद जिले से सटे सोनीपत जिले के बुटाना में दो पुलिसकर्मियों की हत्या के 17 घंटे बाद जींद और सोनीपत पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अपने साथियों के हत्यारों तक पहुंच गई। सोनीपत पुलिस की साइबर टीम की मदद से मोबाइल लोकेशन को ट्रेस कर पुलिस ने जींद में रोहतक रोड पर छिपे बदमाशों तक पहुंच गई। मंगलवार शाम सात बजे बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को मार गिराया गया।
जानकारी के लिए बुटाना पुलिस चौकी में तैनात जींद जिले के कलावती गांव निवासी कप्तान सिंह व बुढ़ाखेड़ा गांव निवासी पुलिसकर्मी रविंद्र सिंह सोमवार रात को गश्त कर रहे थे। रात डेढ़ बजे यहां बदमाशों ने उनकी हत्या कर दी। एक साथ दो पुलिसकर्मियों की हत्या पर सोनीपत पुलिस हरकत में आई और साइबर सेल को इस काम पर लगा दिया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर अपराधियों की पहचान तय कर कार्रवाई की योजना बनाई गई। शाम पांच बजे कलावती गांव निवासी पुलिसकर्मी कप्तान सिंह व बुढ़ाखेड़ा गांव निवासी पुलिसकर्मी रविंद्र सिंह का अंतिम संस्कार हुआ। करीब सात बजे सोनीपत सीआईए ने जींद पुलिस की सहायता से उस मकान का पता लगा लिया, जहां अपराधी छिपे हुए थे। पुलिस ने दबिश दी तो मकान में छिपे चार अपराधियों ने उन पर चाकू से हमला कर फरार होने का प्रयास किया। पुलिस ने फायरिंग करते हुए बदमाशों को दबोचने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। इसके जवाब में जब पुलिस ने फायरिंग की तो एक बदमाश की मौत हो गई। वहीं पुलिस सूत्रों के अनुसार तीन बदमाशों को पकड़ा गया है। हालांकि जींद पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। इस प्रकार दोनों पुलिसकर्मियों की चिता की आग ठंडी होने से पहले ही पुलिस ने अपने साथियों की मौत का बदला ले लिया।
नागरिक अस्पताल पहुंचे जींद के डीएसपी कप्तान सिंह।- फोटो : Jind
उपचाराधीन घायल सोनीपत सीआईए निरीक्षक अनिल कुमार।- फोटो : Jind
जींद के नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन सोनीपत साइबर सेल के निरीक्षक प्रशांत।- फोटो : Jind