बधाना में घरों के बाहर मीटर लगाने का विरोध करती महिलाएं तथा दिखाई देता घर के बाहर लगा बिजली का मीटर।
- फोटो : jind
बधाना गांव में जगमग योजना के तहत घरों के बाहर बिजली के मीटर लगाने के मामले में ठेकेदार के नेतृत्व में पहुंची टीम को वीरवार को महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही बिजली निगम नगूरां के एसडीओ विजयपाल ने मौके पर पहुंचकर विरोध कर रही महिलाओं को आश्वासन देकर मामले को शांत करवाया।
बधाना गांव में निगम द्वारा घरों के बाहर मीटर लगाने का विरोध कर रही महिलाओं ने एसडीओ को बताया कि घरों के बाहर मीटर लगाने से मीटर में बार-बार फाल्ट होने के कारण उनके घरों की बिजली गुल होने का अंदेशा बना रहेगा। यही नहीं, गांव के द्वारा बिजली निगम को मुफ्त में जमीन देने के बाद भी फिलहाल भी निगम द्वारा गांव को पूर्ण रूप से बिजली नहीं दी जा रही है। पहले निगम गांव में बिजली आपूर्ति पूर्ण रूप से बहाल करे। उसके बाद ही गांव के लोग मामले को लेकर विचार करेंगे।
बैरंग लौटे बिजली कर्मी
वीरवार को जैसे ही ठेकेदार विक्की मान के नेतृत्व में टीम बधाना गांव में घरों के बाहर मीटर लगाने के लिए पहुंची तो महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध की भनक लगते ही मीटर लगाने पहुंचे ठेकेदार कर्मी मीटरों को उठाकर गली से भागते नजर आए। महिलाओं के तेवर के आगे निगम प्रशासन बेबस नजर आया।
एसडीओ के खिलाफ की नारेबाजी
जैसे ही नगूरां निगम एसडीओ विरोध कर रही महिलाओं के बीच पहुंचे तो महिलाओं ने निगम प्रशासन तथा एसडीओ के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर गाड़ी रोकने का प्रयास किया। मामला बढ़ता देख गांव के बुजुर्गों ने बीच-बचाव किया और एसडीओ की गाड़ी को गांव से बाहर निकलवाया।
अब पुलिस बल के साथ होगी कार्रवाई
बिजली निगम नगूरां के एसडीओ विजयपाल ने बताया कि फिलहाल गांव की महिलाओं द्वारा विरोध करने के चलते निगम द्वारा घरों के बाहर बिजली के मीटर लगाने का काम रोक दिया है। विभाग के उच्च अधिकारियों को सूचित कर पुलिस की सहायता से जल्द ही गांव में घरों के बाहर बिजली के मीटर लगाने का काम किया जाएगा।