प्रदर्शन करते हुए विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा के निवास पर पहुंचे कर्मचारी।
- फोटो : Jind
मांगों को लेकर आईसीडीएस सुपरवाइजर वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रदर्शन करने के बाद विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा को ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि सरकार ने ऑनलाइन तबादला करके कर्मचारियों को 150 से 200 किलोमीटर दूर भेज दिया है। इससे साफ जाहिर होता है कि सरकार कर्मचारियों का शोषण करने पर तुली हुई है। उन्होंने विधायक से मुख्यमंत्री के सामने उनकी आवाज उठाकर तबादला लिस्ट को रद करवाने की मांग की है।
सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान रामफल दलाल और आईसीडीएस सुपरवाइजर वेलफेयर एसोसिएशन की राज्य महासचिव संतोष यादव ने बताया कि कर्मचारी नेहरू पार्क में एकत्रित होने के बाद पैदल मार्च करते हुए भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा के निवास पर पहुंचे और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार ने उनके विभाग में जो ऑनलाइन तबादला नीति लागू की है, उसका सभी कर्मचारी विरोध करते हैं। विभाग में महिला कर्मचारी भी हैं। ऑनलाइन तबादला करके इनको 150 से 200 किलोमीटर दूर भेजा दिया गया है। कोरोना महामारी के कारण इतनी दूर जाना कर्मचारियों के लिए संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों का शोषण करने पर तुली है। विधायक ने कर्मचारियों की मांगों का जल्द से जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर संजीव ढांडा, रमेश, रेखा, रानी, सुनीता, धर्मबीर और राकेश भी मौजूद रहे।