कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं पात्र परिवार : डीसी
अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा चलाई जा रही हैं योजनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पात्र परिवार अनुसूचित जाति वित्त व विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा कर स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं। निगम द्वारा अनुसूचित जाति के लोगों की भलाई के लिए विभिन्न प्रकार की वित्तीय सहायता से संबंधित योजनाएं चलाई जा रही हैं।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। लोगों की भलाई की सोच को मूर्त रूप देते हुए सरकार द्वारा हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त व विकास निगम द्वारा एससी परिवारों के कल्याण को योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। जिनका मकसद एससी परिवारों के सदस्यों को वित्तीय सहायता के माध्यम से आजीविका के साधन उपलब्ध करा कर उनका जीवन स्तर बेहतर बनाना है। उन्होंने बताया कि उक्त परिवारों को पशुपालन, हथकरघा, किरयाने की दुकान, कपड़े की दुकान, ई-रिक्शा, साइकिल मरम्मत की दुकान, बैंड पार्टी, आटा चक्की, दरी बनाना, चमड़े के कार्य, फोटोग्राफी आदि के लिए डेढ़ लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। योजना लागत का पचास फीसदी अनुदान के रूप में होता है। अनुदान की अधिकतम राशि दस हजार रुपये है, प्रतिशत सीमांत धन के रूप में और शेष बैंकों से ऋण के रूप में उपलब्ध करवाई जाती है। सीमांत धन चार प्रतिशत वार्षिक दर से दिया जाता है। जिसकी वसूली पांच सालों में छमाही बरबार किस्तों में की जाती है।