विश्वकर्मा कॉलोनी स्थित एक मकान में जुआ खेल रहे आठ लोगों को सीआईए स्टाफ ने 2.51 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीआईए स्टाफ के एसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि विश्वकर्मा कॉलोनी स्थित एक मकान में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सीआईए ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छापा मारा और वहां से आठ लोगों को जुआ खेलते गिरफ्तार कर लिया। मौके पर उनसे दो लाख 51 हजार रुपये भी मिले। पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान सफीदों रोड स्थित गांधी नगर निवासी नवीन, रोहतक रोड निवासी सुनील, विद्यापीठ मार्ग निवासी मनोज कुमार, कानूनगो मोहल्ला निवासी राजकुमार, सफीदों के वार्ड नंबर-14 निवासी नरेंद्रपाल, विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी अनिल कुमार, करनाल के हांसी रोड निवासी सौरभ और जींद के सैनी मोहल्ला निवासी शक्ति सिंह के रूप में बताई है। जांच अधिकारी एचसी प्रदीप कुमार ने बताया कि आठों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।