उत्तर प्रदेश से आई गई धान को ट्रैक्टर-ट्राली में डालते किसान। संवाद।
- फोटो : Jind
सफीदों। एसडीएम डॉ. आनंद कुमार शर्मा और मार्केट कमेटी सचिव जगजीत कादियान ने उत्तर प्रदेश से लाई गई धान से भरा ट्रक पकड़ा है। इसमें 250 क्विंटल पीआर धान भरी थी। बुधवार सुबह नई अनाजमंडी के पास इस धान को ट्रक से उतारकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लोड किया जा रहा था। एसडीएम ने इस मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। मौके पर शहर थाना पुलिस भी पहुंच गई थी।
प्रशासनिक अधिकारियों को संदेह है कि यह धान उत्तर प्रदेश से लाकर यहां बेचने का प्रयास किया जा रहा था क्योंकि उत्तर प्रदेश में पीआर धान की किस्म का रेट 800 रुपये प्रति क्विंटल है जबकि हरियाणा में 1960 रुपये है। ऐसे में किसान व आढ़ती एजेंसियों के अधिकारियों से मिलकर इस कारनामे को अंजाम देते हैं और सरकार के साथ धोखाधड़ी लाखों रुपये का मुनाफा कमाते हैं। पिछले धान के सीजन में हजारों क्विंटल धान यूपी से लाकर सफीदों मंडी में बेची गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों ने मंडी में दुकान के सामने धान को उतारने के बाद पकड़ा था।
किसानों ने माना उत्तर प्रदेश से आई है धान
वार्ड नंबर सात निवासी किसान राजेश व राकेश का कहना है यह धान यूपी से लाई गई है। उनकी यूपी के शाहजहांपुर में करीब 27 एकड़ जमीन है। इसमें धान लगाई गई है। वहां मौसम खराब होने के कारण अपने खेतों से धान को लेकर सफीदों आए हैं, जोकि अपने घर में रखकर प्राइवेट में बेचते हैं। वह यह धान किसी सरकारी एजेंसी को नहीं बेचते।