नरवाना। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि शिक्षा, सुरक्षा और विकास राज्य सरकार का मुख्य विजन है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। मंत्री बेदी रविवार को गांव हरनामपुरा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने गांव की फिरनी से दादा खेड़ा तक एचआरडीएफ योजना के तहत 12 लाख रुपये की लागत से बनी गली का उद्घाटन किया। साथ ही लोन माइनर से गांव में पेयजल पाइपलाइन बिछाने की घोषणा भी की जिस पर लगभग 18 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त दादा खेड़ा परिसर में 18.50 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण करवाने और ग्राम पंचायत की मांग पर गांव की छह गलियों के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। गांव, गरीब और किसान का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके लिए गांव-गांव पक्की सड़कें, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं और प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। अपराध और अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है।
प्रधानमंत्री के तेल बचत और वर्क फ्रॉम होम संबंधी संदेश पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि खाड़ी देशों में जारी युद्ध जैसी परिस्थितियों को देखते हुए संसाधनों के संरक्षण की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से भ्रामक प्रचार से बचने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने दादा खेड़ा में आयोजित विशाल भंडारे में शिरकत कर मत्था टेका। ग्रामीणों ने पगड़ी, पुष्पगुच्छ और फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान सरपंच सतीश नैन, सुरेंद्र प्रजापति, सत्यप्रकाश सैनी, विनय मित्तल, संजय बल्हारा मौजूद रहे।