जींद। राजस्व पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन का धरना मंगलवार को पटवार भवन में चौथे दिन भी जारी रहा। राजस्व विभाग के नए पोर्टल में आ रही तकनीकी दिक्कतों और डिजिटल फसल सर्वेक्षण की प्रक्रिया में खामियों को लेकर पटवारियों व कानूनगो ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कर्मचारियों ने आंदोलन को अब 27 अगस्त तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। दूसरी ओर हड़ताल के कारण जिले में राजस्व से जुड़े काम प्रभावित होने से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। धरने की अध्यक्षता रोहताश वर्मा ने की जबकि पूनम पटवारी ने संचालन किया।
राज्य कोषाध्यक्ष सन्नी पटवारी ने कहा कि नए राजस्व पोर्टल में कई तकनीकी समस्याएं बनी हुई हैं, जिनका समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि ई-गिरदावरी के साथ डिजिटल फसल सर्वेक्षण कराया जा रहा है, लेकिन कर्मचारियों को इसके लिए आवश्यक टैब उपलब्ध नहीं करवाए गए हैं। फोटो लेने के लिए 20 मीटर की निर्धारित रेंज भी व्यावहारिक नहीं है।
एसोसिएशन ने मांग की कि नए पोर्टल की सभी तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। ऑटो म्यूटेशन में गलत इंतकाल दर्ज होने की स्थिति में आईटी विभाग की कानूनी जिम्मेदारी तय हो।
तहसीलों में ऑनलाइन कार्य के लिए पर्याप्त कंप्यूटर सिस्टम और डिजिटल फसल सर्वेक्षण के लिए टैब उपलब्ध करवाए जाएं। साथ ही डिजिटल फसल सर्वेक्षण निजी एजेंसी से करवाने की मांग भी रखी गई। पटवारियों की हड़ताल के कारण आमजन को इंतकाल, डोमिसाइल और गिरदावरी समेत राजस्व विभाग के कई काम प्रभावित हैं। लोग पटवार भवन के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन काम नहीं हो पा रहा।
कई दिनों से पटवार भवन के चक्कर लगा रहीं पूनम
दुर्गा कॉलोनी निवासी पूनम ने बताया कि वह इंतकाल करवाने के लिए कई दिनों से पटवार भवन के चक्कर लगा रही हैं। हड़ताल के कारण उनका काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। ढाणी निवासी मुकेश ने बताया कि उन्हें जमीन की रजिस्ट्री करवानी है, लेकिन पटवारी से संबंधित काम पूरा नहीं होने के कारण रजिस्ट्री का काम अटक गया है। हड़ताल समाप्त होने का इंतजार करना पड़ रहा है।
फोटो कैप्शन
25जेएनडी15: पटवारखाने में मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे पटवारी। संवाद
25जेएनडी16: पूनम।
25जेएनडी15: पटवारखाने में मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे पटवारी। संवाद