संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। सीआईए नरवाना ने सुदकैन कलां गांव से 700 ग्राम चरस के साथ नशा तस्कर को काबू किया है। पकड़े गए नशा तस्कर की पहचान सुदकैन कलां निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई है। सदर थाना पुलिस ने आरोपी और नशा सप्लायर अलेवा निवासी कुलदीप सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
सीआईए नरवाना की टीम सोमवार देर शाम गांव डूमरखा से सुदकैन कलां की तरफ जा रहे थे कि सीआईए टीम को सूचना मिली कि सुदकैन कलां गांव में एक नशा तस्कर जो चरस बेचता है। वह इस समय अपने मकान के आसपास चरस सप्लाई की फिराक में है। सीआईए टीम ने खुफिया सूचना बारे तुरंत उच्च अधिकारियों को अवगत करवाकर मौके पर छापेमारी की तो एक मकान के बाहर एक व्यक्ति काले रंग का लिफाफा लिए गली में आता दिखाई दिया जो सामने पुलिस की गाड़ी देखकर वापस मुडक़र भागने लगा लेकिन पुलिस ने तत्परता से कारवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से काले रंग के लिफाफा से कुल 700 ग्राम चरस बरामद हुई। सीआईए इंचार्ज सुखदेव सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ में नशा सप्लायर के तौर पर अलेवा निवासी कुलदीप का नाम आया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।