जींद। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने अपने बेटे ऋषि की शादी के उपलक्ष्य में हलका वासियों को चूल्हा न्योता दिया। उन्होंने मंगलवार को जींद विधानसभा क्षेत्र के खेड़ी, तलोडा, रायचंदवाला, दालमवाला, बोहतवाला, खोखरी, हैबतपुर, श्रीराग खेड़ा, कंडेला, जीतगढ, रूपगढ़, केरखेड़ी, अहिरका और अमरहेड़ी समेत लगभग 14 गांवों का दौरा किया।
डॉ. मिड्ढा ने कहा कि जींद की जनता उनके परिवार का हिस्सा है इसलिए सभी को आमंत्रित करना उनका सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास को लेकर प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता अटूट है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने हर क्षेत्र में खजाना खोलने का कार्य किया है। भाजपा की सरकार बनने के बाद जींद में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं।
मेडिकल कॉलेज की स्थापना, नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग और विस्तारीकरण, ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना, सड़कों का व्यापक सुधारीकरण व चौधरी रणबीर सिंह रीजनल सेंटर को विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाना ये सभी कार्य सरकार की विकासोन्मुख नीति के प्रतीक है। दौरे के दौरान ग्रामीणों ने अपने-अपने गांवों की समस्याएं रखीं, जिनमें सड़क, जल निकासी, बिजली और सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित मांगे रही।
डिप्टी स्पीकर ने अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवा दिया और अधिकारियों को शेष मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। इस मौके पर खेड़ी गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों में सामुदायिक भवन, पार्क स्कूल में लाइब्रेरी, सोलर लाइट, जिम हाल का निर्माण अंबेडकर भवन व रविदासिया चौपाल के निर्माण जैसी मांग रखने पर उनको पूरा करने का आश्वासन दिया।
डिप्टी स्पीकर ने कैर खेड़ी गांव में पहुंचने पर गांव की ओर से मांगी गई तमाम मांगों को पूरा करने का आश्वासन देते हुए कहा कि गांव में जमीन उपलब्ध कराने पर नहर से पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 9 करोड़ रुपए की धन राशि खर्च की जाएगी। इस मौके पर टेकराम कंडेला, विनोद सैनी, रामदर्शन, दीपक, रीना मौजूद रही।