20जेएनडी12: कार्यकर्ताओं से मिलते हुए सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला। स्रोत कार्यकर्ता।
नरवाना। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में दोहरी इंजन की सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र के बजट में हरियाणा की अनदेखी की गई और राज्य की जिला योजना का बड़ा हिस्सा खर्च ही नहीं हो सका।
नरवाना स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद सुरजेवाला ने कहा कि वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित 400 करोड़ रुपये में से 15 फरवरी तक केवल 34.27 प्रतिशत राशि ही व्यय की गई है। कई जिलों में आधी राशि भी खर्च नहीं हो पाई।
स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में दूषित पानी की समस्या गंभीर बनी हुई है। पलवल जिले के छांयसा गांव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां बीमारियों के मामले सामने आए हैं और पानी के नमूने जांच में असफल पाए गए हैं।
सुरजेवाला ने कहा कि सरकार जिम्मेदारी तय करने के बजाय जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने मांग की कि जनता को स्वच्छ पानी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है जिसे तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित किया जाना चाहिए।