डीसी मोहम्मद इमरान रजा। स्रोत : प्रशासन
जींद। अत्यधिक गर्मी व लू के चलते पानी की खपत बढ़ने के मद्देनजर डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने जिले के नागरिकों से पेयजल की बचत करने की अपील की है।
उन्होंने आह्वान किया है वे पानी को व्यर्थ न बहाएं। पानी की एक-एक बूंद कीमती है। नलों को खुला न छोड़ें और पेयजल से पशुओं को न नहलाएं। गर्मी का प्रकोप एकाएक बढ़ रहा है और दिन-प्रतिदिन लू बढ़ती जा रही है। अत्यधिक गर्मी के चलते पानी की खपत बढ़ना स्वाभाविक है।
इसके साथ ही कुछ लोग पेयजल से वाहन और पशु धोते हैं। इससे न केवल पानी की बर्बादी होती है बल्कि गलियों में कीचड़ का आलम बनता है। इसके साथ ही पानी की अधिक खपत होने से भूमिगत जलस्तर नीचे जाता है, जिससे क्षेत्र के डार्क जोन में जाने का खतरा बना रहता है। उन्होंने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि पानी को व्यर्थ न बहाएं। पानी का जरूरत के अनुरूप ही प्रयोग करें। इसके साथ ही पेयजल से वाहनों को न धोएं और पेयजल से पशुओं को भी न नहलाएं। संवाद