काला बिल्ला लगाकर मरीजों को देखते डॉ. राजेश भोला।
- फोटो : Jind
जींद। स्वास्थ्य विभाग में एसएमओ की भर्ती शुरू किए जाने के विरोध में शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों की दो घंटे की हड़ताल होगी। एसएमओ की सीधी भर्ती करने के फैसले का विरोध तीसरे दिन भी चिकित्सकों ने काले बिल्ले लगाकर जारी रखा।
एसोसिएशन के उपप्रधान डॉ. रघुबीर पूनिया, सचिव डॉ. अरुण व सहसचिव डॉ. राजेश भोला ने बताया कि राज्य कार्यकारिणी के आह्वान पर चिकित्सक नागरिक अस्पतालों, सीएचसी व पीएचसी में शुक्रवार को सुबह नौ से 11 बजे तक पेन डाउन हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान चिकित्सकों द्वारा ओपीडी नहीं की जाएगी। हालांकि इमरजेंसी सेवाएं और पोस्टमार्टम कार्रवाई को पहले की तरह ही सुचारु रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन एसएमओ की सीधी भर्ती का लगातार विरोध करती आ रही है। अगर एसएमओ के पद खाली हैं तो उनको चिकित्सकों की पदोन्नति करके भरा जाना चाहिए। वहीं, पे स्केल के मामले में भी सरकारी चिकित्सकों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। वर्ष 2019 में मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने एसोसिएशन मांग को स्वीकार कर लिया था और फाइनेंस विभाग को पे स्केल दुरुस्त करने की बात कही थी, लेकिन आज तक वहां से मंजूरी नहीं मिली है।