नरवाना। एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 352 के साथ लगते सर्विस रोड का दौरा किया। मौके पर मौजूद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एसडीएम ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने ढ़ाकल रोड से बस स्टैंड, लघु सचिवालय, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस सहित राष्ट्रीय राजमार्ग से लगते सर्विस रोड के निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण से संबंधित तमाम आवश्यक बिंदुओं पर जरूरी हिदायत दी।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को विशेष तौर पर कहा कि वे सड़क निर्माण में औपचारिकता महज न निभाएं बल्कि प्राधिकरण द्वारा जारी सभी गाइडलाइन का पालन करें। एसडीएम ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर उन सभी जगह जहां टी-प्वाइंट, मोड़, चौराहा, निर्माणाधीन क्षेत्र जैसे दुर्घटना आशंकित जगहों पर सांकेतिक पट्टियां भी लगवाएं। सांकेतिक पट्टियां व अन्य यातायात के नियमों के संकेतों से वाहन चालक समय रहते चौकन्ना हो जाता है और इससे वाहन दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। एसडीएम ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलने वाला वाहन चालक अमूमन रोड को समतल व सुरक्षा युक्त समझते हुए चलता है और कई बार सांकेतिक पट्टियों के अभाव की वजह से वाहन दुर्घटना घट जाती है। एसडीएम ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भी प्राधिकरण के अधिकारियों से आवश्यक समन्वय बनाए रखने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि राजमार्ग के साथ लगते सर्विस रोड को मुकम्मल करना साथ ही पानी निकासी के लिए नाले का निर्माण, पेयजल पाइप लाइन व तमाम सीवरेज व्यवस्था भी प्राधिकरण की जिम्मेवारी है। इसमें प्राधिकरण के अधिकारी कोई लापरवाही नहीं बरतें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम के साथ हाईवे इंजीनियर सुशील गौड़, रामशरण शेखावत, मोनू सिवाच, अमित दहल, जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन विनोद सरोहा, एसडीओ सतीश कुमार भी मौजूद रहे।