जींद। सिरसा सांसद कुमारी सैलजा ने सिस्टम की सुस्ती पर सवाल उठाते हुए डिप्टी म्यूनिसिपल कमिश्नर से पूछा ''कितना स्वच्छ हो गया है जींद?'' सैलजा ने सड़कों पर पसरे कूड़े के ढेर, जगह-जगह फैली गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 20 अगस्त से शुरू हुए शहरी स्वच्छ मिशन को महीना बीत गया लेकिन शहर में जरा-सी भी सफाई की चमक दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अगली बैठक से पहले शहर में सफाई व्यवस्था नजर आनी चाहिए, वरना जवाबदेही तय होगी।
वह मंगलवार को डीआरडीए हाल में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा कमेटी) की बैठक में की अध्यक्षता कर रही थी। उनके साथ हिसार लोकसभा क्षेत्र सांसद जयप्रकाश और सोनीपत क्षेत्र सांसद सतपाल ब्रह्मचारी भी मौजूद थे।
बड़ौदा गांव में दो साल से तैयार हाल्ट पर ट्रेन का ठहराव न होने के मुद्दे पर सांसद जयप्रकाश ने रेलवे चेयरमैन को पत्र भेजने और बड़ौदा में बठिंडा और कुरुक्षेत्र की तरफ जाने वाली पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव करवाने की बात कही। वहीं नरवाना के गांव बिधराना गांव में दो वर्षाें से अटदे जलघर को नरवाना एक्सईएन ने जल्द शुरू करवाने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा, नागरिक अस्पताल का कंडम हो चुके भवन को लेकर भी उन्होंने सीएमओ डॉ. सुमन कोहली से सवाल-जवाब किए। सांसद सैलजा ने कहा कि मनरेगा मजदूरों को काम न मिलने पर भी सवाल उठाए।
कई विभागों की योजनाओं के बारे में पूछा तो अधिकारियों ने बताया कि इनमें से कई योजनाएं बंद हो चुकी है जिस पर सांसदों ने कहा कि कई योजनाओं में बजट नहीं है और कई बंद हो चुकी है। बैठक में एसपी कुलदीप सिंह, नगराधीश मोनिका कुमारी, नगरायुक्त सुरेंद्र दुहन, लाजवंती ढिल्लों भी मौजूद रहे।
गांवों को खुले में शौच मुक्त करना है या नहीं?
सांसद सैलजा ने गांवों में सफाई को लेकर एडीसी विवेक आर्य से कहा कि गांवों को खुले में शौच मुक्त करना है या नहीं? उन्होंने पीएम आवास योजना के तहत दूसरी किस्त नहीं आने पर डीसी से पूछा। डीसी ने कहा कि सरकार ने दूसरी किस्त अभी जारी नहीं की है। इस पर सैलजा ने कहा कि जलभराव के कारण काफी मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। उनके सहायता समय पर मिलनी चाहिए।
बैठक छोड़कर जाने पर देना होगा जवाब
अंतिम समय जब सैलजा ने एक मामले में एनएचएआई अधिकारियों के बारे में पूछा तो कोई जवाब नहीं आया। इस पर पता चला कि अधिकारी बैठक छोड़कर जा चुके हैं जिससे सांसद सैलजा ने डीसी को निर्देश दिए कि अधिकारियों को इस बारे जवाब मांगे।
सरसों के तेल के सैंपल लेने के निर्देश
डिपो में आने वाले सरसों के तेल में मिलावट का मामला उठा। इस पर कुमारी सैलजा ने डीसी को निर्देश दिए कि डिपू में आने वाले तेल के सेंपल करवाए जाए। सरकार तो पहले ही जरूरतमंद लोगों के साथ अन्याय कर रही है। क्योंकि एक बोतल 30 रुपये और दूसरी लेने पर 100 रुपये लिए जा रहे हैं।
दिल्ली ब्लास्ट पर बोले हिसार सांसद
दिल्ली ब्लास्ट मामले में हिसार सांसद जयप्रकाश ने कहा कि यह कहीं न कहीं हमारी कमी है। दोबारा ऐसी घटना न हो, इसके लिए हमें कमी को दूर करना चाहिए। हरियाणा में कानून नाम कोई चीज नहीं है। प्रदेश में लायन ऑर्डर बिल्कुल नहीं है। उन्होंने एमएसपी पर फसल बिकने के सवाल पर कहा कि प्रदेश में कहीं भी फसल एमएसपी पर नहीं बिक रही है। वह शीतकालीन सत्र में यह मामला जरूर उठाएंगे।