जींद। जिला तैराकी संघ ने 16 जून को होने वाली ओपन तैराकी प्रतियोगिता की तैयारी शुरू कर दी है। ओपन तैराकी प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग जूनियर वर्ग व सब जूनियर वर्ग के लडक़े व लड़कियों की प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इस प्रतियोगिता के माध्यम से जिला जींद की टीम राज्यस्तरीय तैराकी की प्रतियोगिता में भाग लेगी, जो जुलाई में होने जा रही है।
यह प्रतियोगिता एकलव्य खेल स्टेडियम के तरणताल पर करवाई जाएगी। तैराकी संघ के महासचिव विनोद ने बताया कि सीनियर वर्ग में 14 साल से ऊपर के खिलाड़ी खेल सकते हैं।
जूनियर वर्ग में ग्रुप 1 और ग्रुप दो शामिल हैं। ग्रुप 1 में 15 से 17 साल आयु वर्ग के खिलाड़ी आते हैं और ग्रुप 2 में 13 से 14 साल के खिलाड़ी आते हैं और 12 साल से कम आयु के खिलाड़ी सब जूनियर वर्ग में आते हैं। सब जूनियर वर्ग में ग्रुप 3, 4 व 5 है। ग्रुप 3 में 11 से 12 साल के खिलाड़ी आते हैं।
ग्रुप 4 में 9 से 10 साल के खिलाड़ी और ग्रुप 5 में 7 से 8 साल की खिलाड़ी आते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बढ़ाने के लिए लगातार बेहतर कार्य कर रही है। सभी खिलाड़ी हरियाणा तैराकी संघ से पंजीकृत होने चाहिए।