23जेएनडी12: बार में चुनाव को लेकर बैठक में मौजूद अधिवक्ता। स्रोत : अधिवक्
जींद। कार्यकारी प्रधान विकास लोहान की अध्यक्षता में सोमवार को जिला बार एसोसिएशन हाउस की बैठक हुई। इसमें जूनियर व सीनियर अधिवक्ताओं ने भाग लिया और बार के आगामी चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
अवगत कराया गया कि बार काउंसलिंग ऑफ इंडिया की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि जब तक बार काउंसिल पंजाब एवं हरियाणा, चंडीगढ़ के चुनाव संपन्न नहीं हो जाते तब तक जिला बार एसोसिएशनों के चुनाव नहीं कराए जा सकते।
आदेश के मद्देनजर जींद जिला बार एसोसिएशन के चुनावों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाए जाने की जानकारी दी गई। विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक चुनाव नहीं होते तब तक बार के सभी प्रशासनिक और दैनिक कार्यों की देखरेख एक पांच सदस्यीय कमेटी करेगी।
कमेटी में वरिष्ठ अधिवक्ता जेएन भारद्वाज, श्याम लाल शर्मा, एसएन सिंह, कंवर रामपाल राणा और देवेंद्र सैनी को शामिल किया गया है। हाउस में उपस्थित सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर इस प्रस्ताव का समर्थन किया। इस अवसर पर संजय गाेयत, हेमंत सुखीजा, अरविंद लाठर, नरेंद्र, घनश्याम गोयल समेत अनेक अधिवक्ता शामिल रहे।
बार की गरिमा बनाए रखना सर्वोपरि : विकास लोहान
पूर्व में उप प्रधान विशाल खटकड़ की सहमति से गठित चुनाव कमेटी को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का निर्णय लिया गया। दलवीर शर्मा को भी आरओ पद से हटाए जाने की घोषणा की गई। यह निर्णय भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। कार्यकारी प्रधान विकास लोहान ने कहा कि बार काउंसलिंग ऑफ इंडिया एवं संबंधित प्राधिकरणों के आदेशों का सम्मान करना सभी अधिवक्ताओं का कर्तव्य है और बार की गरिमा बनाए रखना सर्वोपरि है। आगामी आदेशों तक चुनाव प्रक्रिया स्थगित रहेगी और गठित कमेटी ही बार के कार्यों का संचालन करेगी।