23जेएनडी16: मंच पर बैठे मुख्यातिथि व अन्य गणमान्य लोग। स्रोत ग्रामीण
- फोटो : पार्क में टूटी पड़ी बाउंड्रीवॉल
जुलाना। रामकली गांव में आयोजित सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। सोमवार को फाइनल मुकाबले में बहू अकबरपूर की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। मोरखी की टीम उपविजेता रही।
गांव के सरपंच रामतीर्थ मलिक ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन बड़े स्तर पर किया गया था। इसमें खिलाड़ियों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। फाइनल मुकाबला बहू अकबरपूर और मोरखी की टीम के बीच खेला गया। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। निर्धारित समय तक चले मुकाबले में बहू अकबरपूर की टीम ने 21 अंक अर्जित किए जबकि मोरखी की टीम 15 अंकों तक ही पहुंच सकी।
बहू अकबरपूर ने 6 अंकों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता के दौरान एक विशेष मुकाबला पंजाब और हरियाणा की टीमों के बीच भी खेला गया जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंत तक चले संघर्षपूर्ण मैच में हरियाणा की टीम ने दो अंकों के अंतर से जीत हासिल की।
सरपंच ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व सम्मान देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक विकास होता है बल्कि आपसी भाईचारा और सौहार्द भी बढ़ता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेलों की ओर अग्रसर हों और अपने गांव व प्रदेश का नाम रोशन करें। इस अवसर पर जितेंद्र शर्मा, नरेश पहलवान, गोविंद यादव, सतीश मलिक, शक्ति मोर, रामनिवास अहलावत, राजा नंबरदार मौजूद रहे।
23जेएनडी16: मंच पर बैठे मुख्यातिथि व अन्य गणमान्य लोग। स्रोत ग्रामीण- फोटो : पार्क में टूटी पड़ी बाउंड्रीवॉल