30जेएनडी03-भाजपा के जिला महामंत्री डॉ. राज सैनी।
जींद। साइबर ठगों ने जिले के भाजपा नेता के नाम पर एक ढाबा संचालक को साढ़े 12 हजार रुपये का चूना लगा दिया। उन्होंने ढाबा संचालक को पेमेंट का फर्जी वाउचर भी भेज दिया। मामला भाजपा नेता के संज्ञान में आने पर उन्हें सोशल मीडिया पर लोगों को ठगों से सचेत रहने को कहा है। हालांकि, अभी तक मामले की पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है।
बत्तख चौक पर ढाबा चलाने वाले मोनू ने बताया कि उनके पास शनिवार को व्हाट्सअप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि भाजपा जिला महामंत्री डॉ. राज सैनी के यहां से बोल रहा हूं। डॉक्टरों की कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है, जिसमें भाग लेने वाले डॉक्टरों के लिए दोपहर के भोजन का इंतजाम करना है। उन्होंने कुछ डिश का ऑर्डर किया। इसमें एक विशेष प्रकार की डिश भी शामिल थी, जो डिश उसके पास उपलब्ध नहीं थी। फिर उसने कॉल करने वाले व्यक्ति ने एक नंबर देकर वह डिश वहां से मंगाने के लिए कहा, जिसका बिल बनाने की भी बात कही। जो नंबर दिया गया उस पर किसी कंपनी का नाम लिखा आ रहा था। डिश के साढ़े 12 हजार रुपये मांगे गए, जिसका अग्रिम भुगतान किया जाना था।
उसने कंपनी समझ कर ऑनलाइन उसका भुगतान कर दिया। ठग ने उसके पास राज अस्पताल के नाम से 27 हजार रुपये का वाउचर स्क्रीन शॉट भी भेजा। काफी समय तक ऑर्डर की डिश नहीं पहुंची तो उसे धोखाधड़ी का अहसास हुआ। इस पर उसने भाजपा नेता के पास संर्पक साधा तो धोखाधड़ी के बारे में पता चल पाया। बाद में गोहाना रोड पर एक मिष्ठान भंडार पर भी ठगी का प्रयास किया गया, लेकिन दुकानदार ने भाजपा नेता से संपर्क साध लिया, जिसके चलते वह ठगी का शिकार होने से बच गया। भाजपा नेता डाॅ. राज सैनी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। यदि कोई उनके नाम से आर्डर आता है तो वह पहले संपर्क कर ऑर्डर के बारे में जानकारी लें।